पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के हरिपाल में एक नाबालिका से कथित छेड़छाड़ के आरोप ने राजनीतिक और सामाजिक माहौल को गरमा दिया। आरोप केंद्रीय बल के एक जवान पर लगा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पेड़ से बांध दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
ट्यूशन से लौट रही थी पीड़िता
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता हरिपाल के बंदीपुर गांव की रहने वाली है। शुक्रवार शाम वह ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोप है कि केंद्रीय बल के एक जवान ने उसका हाथ पकड़कर उसे सुनसान जगह की ओर ले जाने की कोशिश की। घटना से घबराई नाबालिका ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने जवान को पकड़कर किया विरोध
घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी आक्रश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी जवान को पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने मौके पर ही उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस और प्रशासन हरकत में आया।
तृणमूल प्रत्याशी भी पहुंचीं मौके पर
हरिपाल की तृणमूल प्रत्याशी करबी मान्ना भी अपने समर्थकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। बाद में थाने के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया और आरोपी जवान की गिरफ्तारी की मांग की गई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा देने आए जवान अगर महिलाओं के खिलाफ ऐसे आरोपों में घिरते हैं, तो यह बेहद गंभीर मामला है और सख्त सजा जरूरी है।
पुलिस ने जवान को भीड़ से निकाला
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जवान को भीड़ से बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस वाहन को भी घेरकर लोगों ने विरोध जताया। हालांकि आरोपी जवान ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कुल्टी में भी सामने आया था ऐसा मामला
इससे पहले कुल्टी के शीतलपुर इलाके में भी एक नाबालिका के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया था। वहां सीआईएसएफ के एक जवान पर गंभीर आरोप लगे थे, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। लगातार ऐसे मामलों के सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था और केंद्रीय बलों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।