गुवाहाटी: असम में NDA की ऐतिहासिक जीत के बाद हिमंता बिस्वा सरमा आज लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। गुवाहाटी के खानापारा वेटरिनरी कॉलेज मैदान में सुबह 11:40 बजे यह भव्य समारोह आयोजित होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गज होंगे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल सहित NDA के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। समारोह को लेकर पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
चार मंत्री भी लेंगे शपथ
हिमंता बिस्वा सरमा के साथ चार मंत्री भी शपथ लेंगे। इनमें रमेश्वर तेली, अतुल बोरा (AGP), चरण बोरो (BPF) और अजंता नियोग शामिल हैं। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता रंजीत कुमार दास को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए NDA उम्मीदवार बनाया गया है।
विधानसभा चुनाव में NDA की बड़ी जीत
असम विधानसभा चुनाव में NDA गठबंधन ने 126 सीटों में से 102 सीटों पर जीत दर्ज कर बड़ी सफलता हासिल की। भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीतकर पहली बार राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल किया, जबकि AGP और BPF को 10-10 सीटें मिलीं।
विकास और चुनावी वादों पर रहेगा फोकस
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक होगी। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि उनकी सरकार चुनावी वादों को पूरा करने और विकास कार्यों को तेज करने को प्राथमिकता देगी।