कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले, दक्षिण 24 परगना के पुलिस ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा (IPS Ajay Pal Sharma) सुर्खियों में हैं। जहाँ एक तरफ उन्हें फलता के टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान को 'धमकाने' के लिए 'सिंघम' कहा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ अब उनके निजी आचरण और पुराने मामलों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कोर्ट में 'हिस्ट्री-शीटर' होने का दावा
मंगलवार को कलकत्ता हाई कोर्ट में अजय पाल शर्मा के खिलाफ एक याचिका पर सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत में सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि उक्त पुलिस पर्यवेक्षक का रिकॉर्ड विवादित रहा है। वकील ने दलील दी, "ये ऑब्जर्वर एक हिस्ट्री-शीटर रहे हैं। साल 2020 में उनकी पत्नी स्मृति दीप्ति शर्मा ने उत्तर प्रदेश के हाथरस थाने में उनके खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। पत्नी का आरोप था कि अजय पाल शर्मा ने उनके साथ मारपीट और घरेलू हिंसा की है।"
भ्रष्टाचार और SIT जांच का जिक्र
इतना ही नहीं, अदालत को यह भी बताया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने अजय पाल शर्मा सहित कुछ अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन भी किया था। गौरतलब है कि इस दबंग पुलिस अधिकारी की शादी 2016 में दीप्ति शर्मा से हुई थी। टीएमसी समर्थकों का आरोप है कि ऐसे विवादित रिकॉर्ड वाले अधिकारी को संवेदनशील चुनाव ड्यूटी पर लगाना चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।
हाई कोर्ट और चुनाव आयोग का रुख
इन तमाम गंभीर दावों के बावजूद, फिलहाल अजय पाल शर्मा को न्यायिक राहत मिली है। न्यायमूर्ति कृष्णा राव ने स्पष्ट रूप से कहा, "हम 29 अप्रैल (दूसरे चरण के मतदान) तक चुनाव ड्यूटी में लगे किसी भी अधिकारी के काम में हस्तक्षेप नहीं करेंगे।" प्रक्रिया पूरी न होने के कारण फिलहाल सुनवाई को टाल दिया गया है।
दूसरी ओर, मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) ने भी इस मामले में सधा हुआ रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि अजय पाल शर्मा जिले के पुलिस ऑब्जर्वर हैं और वे जो भी रिपोर्ट देंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई होगी। हालांकि टीएमसी ने चुनाव आयोग के पास भी उनके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है फलता का विवाद?
बता दें कि फलता में टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान पर मतदाताओं को डराने का आरोप लगा था, जिसके बाद अजय पाल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर उन्हें और उनके परिवार को सख्त चेतावनी दी थी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद ही 'सिंघम' बनाम 'पुष्पा' की यह जंग अदालत की दहलीज तक पहुंची है।