झाड़ग्राम: लगातार हो रही बारिश के चलते झाड़ग्राम में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दो मंजिला कच्चे मकान की दीवार ढहने से एक कॉलेज छात्रा की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शुक्रवार देर रात बिनपुर-2 ब्लॉक के शिल्दा ग्राम पंचायत अंतर्गत सुखजोड़ा गांव में हुई।
कैसे हुआ हादसा:
परिवार के रिश्तेदार शिवशंकर दास ने मीडिया को बताया कि लगातार बारिश के कारण मिट्टी की दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते अचानक मकान का हिस्सा ढह गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मृतका की पहचान:
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका का नाम पिंकी दास (19) है। वह शिल्दा चंद्रशेखर कॉलेज की द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा थीं। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
तीन लोग गंभीर रूप से घायल:
इस हादसे में पिंकी दास के पिता मृणालकांति दास, भाई सुजीत दास और दादी शोभा दास गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशासन की कार्रवाई:
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।