पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान झारग्राम जिले के झिटुशोल प्राथमिक विद्यालय स्थित पोलिंग बूथ के पास एक हाथी अचानक पहुंच गया। ‘रामलाल’ नाम से पहचाने जाने वाले इस हाथी को देखकर मतदान करने आए लोगों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लोगों में डर के साथ उत्सुकता भी
हाथी ने किसी पर हमला नहीं किया, लेकिन उसकी मौजूदगी से लोग दूरी बनाकर खड़े हो गए। कई लोग इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए जुट गए। हाथी ने पास खड़े एक वाहन के आसपास घूमकर देखा और फिर धीरे-धीरे वहां से आगे बढ़ गया।
वन विभाग की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही लोढ़ाशुली रेंज के वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने सतर्कता के साथ हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले जाया, जिससे मतदान प्रक्रिया पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।
पहले से तैनात विशेष टीमें
प्रशासन ने बताया कि इलाके में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें पहले से तैनात हैं। ‘हुला पार्टी’ और अन्य अनुभवी सदस्य लगातार जंगल से सटे इलाकों में निगरानी कर रहे हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
कड़ी सुरक्षा में जारी मतदान
राज्य में पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में हैं और केंद्रीय बलों की भारी तैनाती की गई है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी इस बार बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ मैदान में है। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।