पश्चिम बंगाल के कल्याणी स्थित जेएनएम अस्पताल में एक बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा देखने को मिला। परिजनों ने गलत इलाज का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
बुखार के इलाज के लिए कराया गया था भर्ती
मृतक की पहचान 71 वर्षीय मोहम्मद मंडल के रूप में हुई है, जो नदिया जिले के चाकदह थाना क्षेत्र के शिमुराली मोल्लापाड़ा के निवासी थे। परिवार के अनुसार, उन्हें कई दिनों से बुखार था, जिसके बाद डॉक्टर की सलाह पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
‘सही इलाज नहीं मिला’, परिवार का आरोप
परिजनों का कहना है कि भर्ती होने के बाद करीब डेढ़ दिन तक मरीज को उचित चिकित्सा नहीं दी गई। उनका आरोप है कि किसी वरिष्ठ डॉक्टर ने मरीज को नहीं देखा और इंटर्न डॉक्टरों के भरोसे इलाज चलता रहा, जिससे स्थिति बिगड़ती गई।
दवा देने के बाद हुई मौत, बढ़ा संदेह
परिवार के मुताबिक, शुक्रवार देर रात मरीज को दवा दी गई थी। कुछ समय के लिए बाहर जाने के बाद जब वे लौटे, तो देखा कि उनकी मौत हो चुकी थी। इसी दौरान उसी वार्ड में अन्य मरीजों की मौत की खबर ने भी संदेह और बढ़ा दिया।
बेटी का आरोप- ‘गलत दवा से गई जान’
मृतक की बेटी अम्बिया मंडल ने सीधे तौर पर गलत दवा देने को मौत की वजह बताया। वहीं बेटे सैफुल मंडल ने इसे साजिश करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जांच की मांग, प्रशासन पर दबाव
घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने मामले की गंभीर जांच की मांग उठाई है। अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर अब जवाबदेही का दबाव बढ़ गया है।