कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोलकाता के पुलिस कमिश्नर अजय नंद ने बुधवार को लालबाजार मुख्यालय में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की और साफ कर दिया कि चुनाव के बाद किसी भी तरह की हिंसा या भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी।
CP अजय नंद की प्रेस वार्ता की मुख्य बातें:
अफवाहों से बचें: कमिश्नर ने कहा कि किसी भी अफवाह पर कान न दें। किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
बुलडोजर पर पूर्ण प्रतिबंध: विजय जुलूस या किसी भी रैली में बुलडोजर जैसी मशीनों के इस्तेमाल पर सख्त पाबंदी है। यदि कोई ऐसा करता है, तो न केवल जुलूस निकालने वालों पर बल्कि मशीन के मालिक पर भी कड़ी कार्रवाई होगी और मशीन को तुरंत जब्त कर लिया जाएगा।
अनुमति अनिवार्य: किसी भी प्रकार की रैली या शोभायात्रा के लिए पुलिस की लिखित अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति के जुलूस निकालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कंट्रोल रूम और सुरक्षा बल: कोलकाता में सुरक्षा के लिए 65 कंपनियां तैनात की गई हैं और 240 क्विक रिस्पांस टीम (QRT) लगातार काम कर रही हैं। लालबाजार में CAPF के साथ एक इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम खोला गया है।
80 लोग गिरफ्तार: पुलिस ने अब तक अशांति फैलाने के आरोप में 80 लोगों को गिरफ्तार किया है और विशेष तलाशी अभियान (Special Drive) अभी भी जारी है।
लापरवाह पुलिसकर्मियों पर गाज: CP ने स्पष्ट किया कि यदि किसी पुलिस अधिकारी की भूमिका में लापरवाही पाई जाती है, तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा।
न्यू मार्केट घटना पर कड़ा रुख
मंगलवार को न्यू मार्केट इलाके में बुलडोजर से दुकान तोड़ने और तांडव मचाने की घटना पर सवाल उठने पर CP ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी समीक्षा की जा रही है कि उन्होंने समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की।