भारत के माननीय प्रधानमंत्री के आगमन और ब्रिगेड परेड ग्राउंड में नवगठित पश्चिम बंगाल सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर बड़ा ट्रैफिक एडवाइजरी जारी किया गया है। पुलिस आयुक्त अजय नंद द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनसुरक्षा, सुचारु यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए कई मार्गों पर आवाजाही सीमित और नियंत्रित रहेगी।
ट्रैफिक नियंत्रण वाले प्रमुख मार्ग
आदेश के अनुसार 09 मई को आवश्यकतानुसार एस्प्लेनेड रैम्प, के.पी. रोड, हॉस्पिटल रोड, लवर्स लेन, कैसुरिना एवेन्यू और क्वींसवे जैसे प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित या प्रतिबंधित किया जाएगा। यह व्यवस्था भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए लागू की जाएगी।
गुड्स वाहनों पर आंशिक प्रतिबंध
शहर में सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों पर सुबह 04:00 बजे से रात 20:00 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि LPG सिलेंडर, CNG, पेट्रोलियम, ऑयल, ऑक्सीजन, सब्जी, दवा, फल, मछली और दूध जैसी आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को इससे छूट दी गई है।
नो पार्किंग जोन घोषित
विक्टोरिया मेमोरियल और उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक नो पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी। एजेसी बोस रोड (हेस्टिंग्स क्रॉसिंग से कैथेड्रल रोड तक), खिदिरपुर रोड, हॉस्पिटल रोड, क्वींसवे, कैथेड्रल रोड, कैसुरिना एवेन्यू और लवर्स लेन सहित कई क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
वाहनों का डायवर्जन और अस्थायी रोक
कार्यक्रम के दौरान रूट ऑफ मूवमेंट और आसपास के मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा जरूरत के अनुसार वाहनों को डायवर्ट या अस्थायी रूप से रोका जा सकता है। ट्राम सहित सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही भी अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती है।
अतिरिक्त निर्देश और चेतावनी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश सामान्य यातायात नियमों के अतिरिक्त होगा और जरूरत पड़ने पर और भी कड़े कदम उठाए जा सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस की सभी निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की बाधा या अव्यवस्था उत्पन्न न हो।