कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने आगामी मतगणना से पहले बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एग्जिट पोल के नतीजों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि ये “शेयर बाजार में हेरफेर की कोशिश” हैं।
“एग्जिट पोल सिर्फ हेरफेर का जरिया” — ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कहा कि एग्जिट पोल पहले भी गलत साबित हुए हैं और इस बार भी यही होगा। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस 200 से ज्यादा सीटों के अंतर से जीत दर्ज करेगी।
काउंटिंग एजेंट्स को दिया संदेश
मतगणना से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी के काउंटिंग एजेंट्स को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखने की अपील की।
CAPF पर लगाए गंभीर आरोप
ममता बनर्जी ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान TMC कार्यकर्ताओं के साथ बर्बरता की गई। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन्होंने इस “दबाव और बर्बरता” का सामना किया, उन्हें भविष्य में सम्मानित किया जाएगा।
दो विधानसभा सीटों पर फिर वोटिंग
दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों पर दोबारा मतदान हो रहा है। इससे पहले भाजपा ने आरोप लगाया था कि कुछ बूथों पर मतदाताओं को प्रभावित किया गया था।