कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मतगणना से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश दिया है। उन्होंने काउंटिंग एजेंट्स को निर्देश दिया कि जिन बूथों पर भारतीय जनता पार्टी 500 से 700 वोटों के अंतर से आगे दिखे, वहां तुरंत दोबारा गिनती की मांग की जाए।
वर्चुअल बैठक में दिए अहम निर्देश
ममता बनर्जी ने 294 विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं और काउंटिंग एजेंट्स के साथ वर्चुअल बैठक की। इसमें उन्होंने मतगणना के दौरान पूरी सतर्कता और समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
“काउंटिंग सेंटर पर पहले पहुंचें” — ममता बनर्जी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी एजेंट समय से पहले मतगणना केंद्रों पर पहुंचें और वहीं मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जाए और हर गतिविधि को नोट किया जाए।
विवादित बूथों पर रीकाउंट की रणनीति
सूत्रों के अनुसार ममता बनर्जी ने स्पष्ट कहा कि जिन बूथों पर भाजपा 500 से 700 या 1000 वोटों तक की बढ़त लेती दिखे, वहां तत्काल दोबारा गिनती की मांग की जाए।
200 से ज्यादा सीटों की जीत का दावा
टीएमसी प्रमुख ने एक बार फिर दावा किया कि उनकी पार्टी 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। हालांकि, उन्होंने कार्यकर्ताओं को मतगणना के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की चेतावनी भी दी।
अभिषेक बनर्जी का भी बयान
टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने भी एग्जिट पोल पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये बाजार को प्रभावित करने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी का प्रदर्शन 2021 से बेहतर रहेगा।