कोलकाता (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के तहत आज सुबह से ही मतदान जारी है। इस लोकतांत्रिक उत्सव में आम जनता के साथ-साथ सितारों का जमावड़ा भी देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में दिग्गज अभिनेता और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती बुधवार सुबह कोलकाता केबेलघरिया स्थित एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे।
आम नागरिक की तरह कतार में लगे 'महागुरु'
मिथुन चक्रवर्ती अपने खास अंदाज में नजर आए— काला कुर्ता (पंजाबी), सिर पर काली टोपी, आंखों पर काला चश्मा और गले में भगवा उत्तरीय (गमछा)। किसी भी तरह की 'वीआईपी' सुविधा लेने के बजाय, वह आम मतदाताओं के साथ काफी देर तक लाइन में खड़े रहे। अपनी बारी आने पर उन्होंने मतदान किया।
चुनाव आयोग को दिया धन्यवाद, भारी वोटिंग पर बोले
वोट डालने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने कहा, "मैंने एक साधारण नागरिक की तरह मतदान किया है। मैंने कभी विशेष सुविधा की मांग नहीं की। मैं चुनाव आयोग को इतना सुव्यवस्थित चुनाव कराने के लिए धन्यवाद देता हूँ।"
राज्य में हो रही भारी वोटिंग पर आत्मविश्वास जताते हुए उन्होंने कहा:
"पहले चरण में करीब 92 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस चरण में भी वैसी ही उम्मीद है। अगर इतना भारी मतदान हो रहा है, तो आप खुद ही समझ लीजिए कि क्या होने वाला है!"
सितारों ने भी किया मतदान
मिथुन चक्रवर्ती के अलावा बंगाल फिल्म इंडस्ट्री की कई अन्य हस्तियों ने भी सुबह-सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें रंजीत मल्लिक, जीत, आबीर चटर्जी, शुभश्री गांगुली, राज चक्रवर्ती और कोयल मल्लिक जैसे नाम शामिल हैं।