पश्चिम बंगाल: नजाट में दो गुटों के बीच हुए संघर्ष को शांत कराने पहुंची पुलिस पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी, जिसमें तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा दो सीआरपीएफ जवानों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
ओसी समेत कई पुलिसकर्मी घायल
नजाट थाने के ओसी भरत प्रसून पुरकायत के कोहनी में गोली लगी है। एलसी कॉन्स्टेबल मोनिका के सिर में गोली लगी है, जबकि राजबाड़ी आउटपोस्ट के सब-इंस्पेक्टर भास्वत गोस्वामी के पैर में गोली लगी है। सभी घायलों को तत्काल कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तृणमूल नेता के घर पर हमले से शुरू हुआ विवाद
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, राजबाड़ी आउटपोस्ट क्षेत्र के छोटे बिटपोल इलाके में तृणमूल नेता मसरफ मोल्ला के घर पर बदमाशों ने हमला किया था। घटना की सूचना मिलते ही नजाट थाने की भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।
पुलिस पर लगातार फायरिंग, इलाके में तनाव
पुलिस के पहुंचते ही बदमाशों ने उन पर कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी और जवान घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।