कोलकाता: मतगणना से ठीक एक दिन पहले पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा सियासी तनाव देखने को मिला है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मालदा के मोथाबाड़ी कांड से जुड़े मामले में तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं को समन भेजा है।
तृणमूल उम्मीदवार के एजेंट को भी समन
इस कार्रवाई में सोजापुर विधानसभा सीट से तृणमूल उम्मीदवार सबीना यास्मीन के चुनाव एजेंट अब्दुल रहमान का नाम भी शामिल है। इसके अलावा कालियाचक-1 ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष मोहम्मद सरियुल को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है।
थाने में हाजिर होने का निर्देश, स्थिति साफ नहीं
सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं को रविवार दोपहर 12 बजे तक कालियाचक थाने में पेश होने को कहा गया था। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि वे जांच एजेंसी के सामने उपस्थित हुए या नहीं।
SIR विवाद से जुड़ा है पूरा मामला
यह पूरा मामला पिछले महीने हुए उस विवाद से जुड़ा है, जिसमें SIR सूची के निपटारे में लगे सात न्यायाधीशों को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। आरोप है कि उन्हें देर रात तक ब्लॉक कार्यालय में रोके रखा गया था।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर NIA जांच
मामला दर्ज होने के बाद यह विवाद सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। शीर्ष अदालत के निर्देश के बाद इस संवेदनशील केस की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंपी गई थी।
चुनाव से पहले गरमाई सियासत
मतगणना से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। तृणमूल कांग्रेस ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है, जबकि भाजपा ने कहा है कि यह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया है और चुनाव से इसका कोई संबंध नहीं है।