उत्तर 24 परगना: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान उत्तर 24 परगना जिले के विभिन्न हिस्सों से तनाव और अशांति की खबरें सामने आ रही हैं। जिले के पानीहाटी और जगद्दुल विधानसभा क्षेत्रों में आज सुबह से ही माहौल गरमाया हुआ है।
पानीहाटी: बीजेपी प्रत्याशी को जनता ने घेरा
पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र के आगरपाड़ा, न्यू आदर्श नगर में बीजेपी उम्मीदवार अभया की मां को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। घटना तब हुई जब वे वार्ड नंबर 25 में मतदान करने के बाद स्थिति का जायजा लेने पहुंची थीं। वहां मौजूद भीड़ ने उन्हें घेर लिया और 'गो बैक' के नारे लगाए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और केंद्रीय बलों के बीच तीखी बहस भी हुई। बीजेपी का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं ने जानबूझकर प्रत्याशी की गाड़ी रोककर हंगामा किया।
जगद्दुल: बूथ के पास मिला पाइपगन
वोटिंग के बीच जगद्दुल विधानसभा क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानपुर के बूथ संख्या 34 के पास से एक लोडेड पाइपगन बरामद की गई। शिवदासपुर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हथियार को अपने कब्जे में ले लिया है। बीजेपी उम्मीदवार राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि तृणमूल समर्थित उपद्रवियों ने मतदाताओं को डराने के लिए यह हथियार वहां छिपाया था। उन्होंने याद दिलाया कि 2021 के चुनाव में भी यहाँ बम रखकर डर का माहौल बनाया गया था।
सुरक्षा बलों की मुस्तैदी
जगद्दुल और पानीहाटी, दोनों ही क्षेत्रों में फिलहाल भारी पुलिस बल और केंद्रीय अर्धसैनिक बल तैनात हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मतदान केंद्र के इतने करीब हथियार पहुँचाने के पीछे किसका हाथ है। तनाव के बावजूद, इन क्षेत्रों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं और प्रशासन का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है।