कोलकाता/पानीहाटी: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को उत्तर 24 परगना के पानीहाटी पहुँचे। यहाँ उन्होंने आरजी कर अस्पताल में हुई दरिंदगी का मुद्दा उठाते हुए ममता सरकार पर तीखा प्रहार किया। गौरतलब है कि भाजपा ने इस केंद्र से आरजी कर की पीड़ित महिला चिकित्सक की माँ को अपना उम्मीदवार बनाया है।
“4 मई के बाद होगा अत्याचार का हिसाब”
पीएम मोदी ने भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि पहले चरण के मतदान के रुझानों ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) की नींद उड़ा दी है। उन्होंने कह- "पहले चरण के बाद टीएमसी घबरा गई है। अब वे गुंडों के हाथ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बंगाल की नारी शक्ति अब चुप नहीं रहेगी। टीएमसी ने महिलाओं पर बहुत अत्याचार किया है, 4 मई को नतीजे आने के बाद हर जुल्म का हिसाब होगा।"
आरजी कर कांड पर भावुक प्रहार
पीड़ित डॉक्टर की माँ का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री भावुक दिखे। उन्होंने कहा, "उस माँ ने अपनी बेटी को बड़ी उम्मीदों से डॉक्टर बनाया था, लेकिन टीएमसी के जंगलराज ने उस बेटी को छीन लिया। हमने उनकी माँ को उम्मीदवार बनाया है ताकि विधानसभा में वे उन अपराधियों और उनके संरक्षकों की आँखों में आँखें डालकर न्याय मांग सकें।"
मध्यम वर्ग और विकास पर फोकस
प्रधानमंत्री ने स्थानीय समस्याओं और उद्योग की स्थिति पर भी बात की। निकासी और जाम: पीएम ने कहा कि पानीहाटी आज भी 150 साल पुरानी ड्रेनेज व्यवस्था पर निर्भर है। वीआईपी रोड और যশোর (यशौर) रोड के ट्रैफिक जाम ने दमदम का दम घोंट दिया है। सस्ता डेटा, बड़ी बचत: मध्यम वर्ग को लुभाते हुए मोदी ने कहा, "कांग्रेस के समय 1GB डेटा 300 रुपये का था, जो अब 10 रुपये में मिलता है। इससे हर मध्यमवर्गीय परिवार के महीने में 4-5 हजार रुपये बच रहे हैं।" उद्योगों की बर्बादी: पीएम ने आरोप लगाया कि पिछले 15 सालों में टीएमसी ने बंगाल के फलते-फूलते उद्योगों को पूरी तरह नष्ट कर दिया है।
ममता सरकार को घेरा
मोदी ने अवैध निर्माण को लेकर हाईकोर्ट की नाराजगी का भी जिक्र किया और कहा कि कलुंदी और मधुपुर जैसे इलाकों के लोग आज भी पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि इस बार 'विकास' और 'न्याय' के लिए कमल के बटन को दबाएं।