कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत और शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना ने उन्हें शुभकामनाएं भेजी हैं। अवामी लीग की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा गया कि शेख हसीना ने शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री चुने जाने पर हार्दिक बधाई दी है।
जनता ने शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व पर जताया भरोसा
शेख हसीना ने अपने संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली भारी जीत जनता के उस विश्वास को दर्शाती है, जो शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व और उनकी जनहित वाली राजनीति पर कायम है। उन्होंने कहा कि लोगों ने ऐसे नेतृत्व को चुना है, जो विकास और आम जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देता है।
भारत-बांग्लादेश रिश्तों में पश्चिम बंगाल की अहम भूमिका
अपने संदेश में शेख हसीना ने भारत और बांग्लादेश के ऐतिहासिक संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती के लंबे इतिहास में पश्चिम बंगाल की विशेष भूमिका रही है। भाषा, संस्कृति और साझा विरासत दोनों बंगाल को एक-दूसरे से जोड़ती है और आने वाले समय में यह रिश्ता और मजबूत होने की उम्मीद है।
दोनों बंगाल के लोगों के विकास के लिए साथ काम करेंगे
शेख हसीना ने कहा कि पड़ोसी होने के नाते बांग्लादेश हमेशा पश्चिम बंगाल की शांति और समृद्धि की कामना करता रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शुभेंदु अधिकारी के कार्यकाल में दोनों क्षेत्रों के बीच सहयोग की परंपरा और मजबूत होगी तथा लोगों के विकास और कल्याण के लिए मिलकर काम किया जाएगा।
नई कैबिनेट को भी दी शुभकामनाएं
अपने संदेश के आखिर में शेख हसीना ने शुभेंदु अधिकारी के साथ पश्चिम बंगाल की नई कैबिनेट के सभी सदस्यों को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और सफल कार्यकाल की कामना की।