सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में रविवार सुबह एक चार मंजिला प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह है कि दमकल विभाग की कई गाड़ियां घंटों से इसे बुझाने में जुटी हैं। आग की लपटों और धुएं के कारण आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग पर काबू पाने के लिए सोनीपत के अलावा पानीपत और दिल्ली से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ी हैं।
प्लेसरो इंटरनेशनल फैक्ट्री में लगी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में स्थित प्लेसरो इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में आग लगी है। यहां पानी की प्लास्टिक बोतलें बनाने का काम किया जाता है। चार मंजिला इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर आग लगने की जानकारी सामने आई है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
12 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए सोनीपत और पानीपत के साथ दिल्ली से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। फिलहाल करीब 12 दमकल गाड़ियां आग बुझाने के अभियान में लगी हुई हैं। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश कर रहे हैं।
रविवार की छुट्टी से टला बड़ा हादसा
इस घटना में राहत की बात यह है कि रविवार को छुट्टी होने के कारण फैक्ट्री में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। ऐसे में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि, आग की भयावहता को देखते हुए फैक्ट्री की इमारत, मशीनों और वहां रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। वास्तविक नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल दमकल विभाग की प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाना और उसे आसपास की औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से रोकना है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।