मुंबई - साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री साई पल्लवी एक बार फिर अपने नए किरदार को लेकर चर्चा में हैं। निर्देशक राजकुमार पेरियासामी की आगामी पैन-इंडियन एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'ओम: चैप्टर 1- उधिराम : द ब्लड वुड' में अभिनेत्री एक सख्त और निडर पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाती नजर आएंगी। फिल्म में उनका किरदार आईपीएस अधिकारी नित्या रेड्डी का है, जो लाल चंदन की अवैध तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने के मिशन पर निकलती हैं। इस फिल्म में साई पल्लवी के साथ धनुष और दिग्गज अभिनेता ममूटी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर अभिनेत्री ने हाल ही में आयोजित ऑडियो लॉन्च कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा किए।
पुलिस अधिकारी के किरदार को लेकर उत्साहित हैं साई पल्लवी
शुक्रवार को साईराम इंजीनियरिंग कॉलेज में फिल्म का भव्य ऑडियो लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर साई पल्लवी ने निर्देशक राजकुमार पेरियासामी की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में पुलिस अधिकारी का किरदार निभाने को लेकर निर्देशक को उन पर खुद से भी ज्यादा भरोसा था।
अभिनेत्री ने कहा कि उन्होंने अपनी पिछली फिल्म के दौरान ही राजकुमार पेरियासामी से कह दिया था कि वह उनकी अगली फिल्म में काम करना चाहती हैं। निर्देशक ने उनकी इस इच्छा को गंभीरता से लिया और उन्हें इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनाया। साई पल्लवी के मुताबिक, नित्या रेड्डी का किरदार कई अलग-अलग भावनात्मक और व्यक्तित्व से जुड़ी परतों के साथ तैयार किया गया है। उन्होंने फिल्म के स्टंट सीक्वेंस पर काम करने वाली पूरी टीम का भी आभार जताया।
'महिला किरदारों को लिखने का उनका अंदाज शानदार है'
कार्यक्रम के दौरान साई पल्लवी ने निर्देशक की लेखन शैली की तारीफ करते हुए कहा कि राजकुमार पेरियासामी महिलाओं के किरदारों को बेहद खूबसूरती से पर्दे पर उतारते हैं। उन्होंने उन्हें हर अभिनेत्री का ड्रीम डायरेक्टर बताया।
अभिनेत्री ने कहा कि निर्देशक ने उनके किरदार को जिस तरह से तैयार किया है, उससे उन्हें काफी कुछ सीखने का मौका मिला। उनके अनुसार, फिल्म में नित्या रेड्डी केवल एक पुलिस अधिकारी नहीं हैं, बल्कि उनकी अपनी भावनाएं, संघर्ष और न्याय पाने की मजबूत वजह भी है।
ममूटी के साथ काम करने को लेकर भी जताई खुशी
साई पल्लवी ने कार्यक्रम में अपनी पिछली फिल्म 'अमरन' का एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उस फिल्म में उनके किरदार को लगातार 'ममूटी' नाम से पुकारा जाता था। अब उन्हें वास्तव में मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी के साथ स्क्रीन साझा करने का अवसर मिला है। इस बात पर मजाकिया अंदाज में अभिनेत्री ने कहा कि पिछली फिल्म में बार-बार ममूटी का नाम सुनने के बाद अब उनके साथ काम करने का मौका मिलना ऐसा लग रहा है, जैसे उन्होंने इस चीज को पहले ही अपने लिए सोच लिया था।
लाल चंदन तस्करी के खिलाफ होगा 'ऑपरेशन ओम'
फिल्म की कहानी लाल चंदन की अवैध तस्करी के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें साई पल्लवी नित्या रेड्डी नाम की आईपीएस और सीबीआई अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं। वह 'ऑपरेशन ओम' के तहत तस्करी के संगठित नेटवर्क की जांच करने के लिए मैदान में उतरती हैं। इस मिशन के पीछे उनके जीवन से जुड़ा एक व्यक्तिगत नुकसान भी है, जो उन्हें अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने और न्याय हासिल करने के लिए प्रेरित करता है। फिल्म में एक्शन के साथ भावनात्मक संघर्ष और अपराध की दुनिया से जुड़े कई पहलुओं को दिखाया जाएगा।
20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
'ओम: चैप्टर 1- उधिराम : द ब्लड वुड' का निर्देशन राजकुमार पेरियासामी ने किया है। फिल्म में धनुष और ममूटी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। पैन-इंडियन स्तर पर तैयार की जा रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना दिलचस्प होगा कि साई पल्लवी का पुलिस अधिकारी वाला नया अंदाज दर्शकों को कितना पसंद आता है और धनुष-ममूटी के साथ उनकी मौजूदगी बड़े पर्दे पर क्या प्रभाव छोड़ती है।