भोपाल | मध्य प्रदेश में पंचायत उपचुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख 19 नवंबर तय की गई है, जबकि मतदान 4 दिसंबर 2026 को कराया जाएगा। एमपी चुनाव आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने उपचुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। प्रदेश में जिला पंचायत सदस्य के एक, जनपद पंचायत सदस्य के एक और सरपंच के पांच पदों के लिए चुनाव होंगे।
पंचायत उपचुनाव 2026 का पूरा कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार:
- 12 नवंबर 2026: नामांकन प्रक्रिया शुरू
- 19 नवंबर 2026: नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख
- 20 नवंबर 2026: नामांकन पत्रों की जांच
- 23 नवंबर 2026: नाम वापसी की अंतिम तारीख और निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन
- 4 दिसंबर 2026: मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक
8 दिसंबर को होगी मतगणना
सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए विकासखंड मुख्यालय पर ईवीएम से मतगणना 8 दिसंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इसी दिन सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं जिला पंचायत सदस्य के परिणाम की घोषणा 9 दिसंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे से की जाएगी।
इन पदों पर होगा उपचुनाव
मध्य प्रदेश में पंचायत उपचुनाव के तहत कुल सात पदों पर मतदान कराया जाएगा। इनमें जिला पंचायत सदस्य का एक, जनपद पंचायत सदस्य का एक और सरपंच के पांच पद शामिल हैं।