कोलकाता: पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुजीत बसु सोमवार को एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर पहुंचे। साल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स (CGO Complex) में वह अपने वकील के साथ हाजिर हुए। 4 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने और राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद केंद्रीय एजेंसी के सामने सुजीत बसु की यह पहली पेशी है।
भर्ती घोटाले में पूछताछ
ईडी सूत्रों के मुताबिक, सुजीत बसु को नगर निकाय (Municipality) भर्ती घोटाले के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इससे पहले 1 मई को भी उन्होंने केंद्रीय एजेंसी के सामने हाजिरी दी थी। चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्हें कई बार तलब किया गया था, लेकिन उन्होंने चुनावी व्यस्तता का हवाला देकर तब पेश होने से छूट मांगी थी, जिसकी जानकारी उन्होंने अदालत को भी दी थी।
पहले भी हो चुकी है छापेमारी
केंद्रीय जांच एजेंसियां इस मामले में काफी समय से सक्रिय हैं। इससे पहले सुजीत बसु के आवास और कार्यालय पर छापेमारी की जा चुकी है। इतना ही नहीं, उनके परिवार के स्वामित्व वाले ढाबे पर भी ईडी की टीम ने दबिश दी थी। जांच एजेंसी उनके बेटे समुद्र बसु और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ कर उनके बयान दर्ज कर चुकी है।
सुजीत बसु का पक्ष
बार-बार होने वाली पूछताछ पर सुजीत बसु का कहना है कि जिस मामले में उन्हें बुलाया जा रहा है, उसमें सीबीआई पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। उनका दावा है कि उस चार्जशीट में उनका नाम कहीं भी दर्ज नहीं है। हालांकि, हाईकोर्ट के निर्देशानुसार वह जांच में सहयोग करने के लिए सोमवार को फिर से ईडी दफ्तर पहुंचे।