कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के तहत आज राज्य की सबसे हाई-प्रोफाइल सीट 'भवानीपुर' पर मतदान हो रहा है। यहाँ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधी टक्कर है। मतदान के बीच शुभेंदु अधिकारी ने अपनी जीत को लेकर एक बड़ा दावा कर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
"80% वोटिंग मतलब मेरी जीत"
बुधवार दोपहर भवानीपुर के विभिन्न बूथों का दौरा करने के बाद मीडिया से बात करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "अगर इस सीट पर 80 प्रतिशत मतदान होता है, तो मैं ही जीतूंगा। अगर यह आंकड़ा 90 प्रतिशत तक पहुंच गया, तो मेरी जीत का अंतर बहुत बड़ा (Comfortable Margin) होगा। वार्ड नंबर 77 को छोड़कर बाकी सभी जगहों पर मुझे भारी बढ़त मिलेगी।"
30 हजार से अधिक वोटों के अंतर का दावा
शुभेंदु ने तृणमूल कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कोलकाता में आमतौर पर 50-55 प्रतिशत ही मतदान होता है, लेकिन अगर इस बार 80 प्रतिशत वोट पड़ते हैं, तो इसका मतलब है कि जनता 'परिवर्तन' के लिए वोट दे रही है। उन्होंने दावा किया कि वे 30,000 से अधिक वोटों के अंतर से ममता बनर्जी को मात देंगे।
'बाहरी' लोगों और स्लो वोटिंग का आरोप
मतदान के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने 'स्लो वोटिंग' (धीमी मतदान प्रक्रिया) की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि जय हिंद भवन के पास टीएमसी ने बांग्लादेशी मूल के कुछ बाहरी लोगों को इकट्ठा किया था जिनका वोटर लिस्ट में नाम नहीं था। शुभेंदु ने कहा, "वे लोग मतदाताओं को परेशान कर रहे थे, मैंने उन्हें वहां से खदेड़ दिया।" इस दौरान जय हिंद भवन के सामने तनाव बढ़ गया, जिसके बाद शुभेंदु ने सीधे चुनाव आयोग को फोन कर अतिरिक्त केंद्रीय बलों की मांग की।
दोपहर 3 बजे तक का मतदान प्रतिशत:
दूसरे चरण के मतदान में दोपहर 3 बजे तक अलग-अलग जिलों में भारी वोटिंग दर्ज की गई है:
दक्षिण कोलकाता (भवानीपुर सहित): 75.38%
उत्तर कोलकाता: 78%
हुगली: 80.77%
पूर्व वर्धमान: 83.11%
हावड़ा: 77.73%