कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद हिंसा की घटनाओं के बीच बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या ने सियासी माहौल गरमा दिया है। शुभेंदु अधिकारी ने इस हत्या को “सोची-समझी साजिश” बताते हुए सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
“ममता को हराया, इसलिए मेरे PA को मार दिया” — शुभेंदु
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराने की वजह से उनके करीबी सहयोगी को निशाना बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों को पूरी जानकारी थी कि किस तरह हमला करना है। उन्होंने कहा, “चंद्रनाथ रथ को बेहद करीब से गोली मारी गई। यह पूरी तरह प्लानिंग के तहत की गई हत्या है।”
मध्यग्राम में बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां
उत्तर 24 परगना के मध्यग्राम इलाके में बुधवार रात यह हमला हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक 4 से 5 बाइक पर सवार हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की कार का पीछा किया और दोहारिया इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई संदिग्ध बाइक बरामद कर जांच तेज कर दी है।
वायुसेना से राजनीति तक का सफर
41 वर्षीय चंद्रनाथ रथ मूल रूप से पूर्वी मेदिनीपुर के रहने वाले थे। उन्होंने करीब दो दशक तक भारतीय वायुसेना में सेवा दी थी। स्वैच्छिक रिटायरमेंट के बाद वह शुभेंदु अधिकारी की टीम से जुड़े और धीरे-धीरे उनके सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल हो गए।
राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
इस घटना के बाद बंगाल की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है। बीजेपी ने इसे राजनीतिक हिंसा करार दिया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।