कोलकाता: बीजेपी विधायक तरुणज्योति तिवारी ने तृणमूल कांग्रेस नेता देवांशु भट्टाचार्य पर तीखा हमला बोला है। देवांशु की शादी की खबरों के बीच तिवारी ने सोशल मीडिया पर उन्हें निशाने पर लेते हुए कई सवाल उठाए। उन्होंने देवांशु की पुरानी बयानबाजी, बंगाली-अबंगाली विवाद और राजनीतिक रवैये पर टिप्पणी की। साथ ही उनकी होने वाली पत्नी को राजनीति से दूर रखने की अपील भी की।
'मैदान छोड़कर भागने वाले सैनिक की कोई कीमत नहीं'
तरुणज्योति तिवारी ने अपने बयान में कहा कि युद्ध में हारने के बावजूद सम्मान बना रहता है, लेकिन मैदान छोड़कर भागने वाले सैनिक की कोई कीमत नहीं होती। उन्होंने देवांशु पर तंज कसते हुए कहा कि वे पहले बड़ी-बड़ी बातें करते थे और 'खेला होबे' जैसे नारे देते थे, लेकिन जब मैदान में डटे रहने की बारी आई तो गायब हो गए।
बीजेपी विधायक ने 2021 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उनकी पार्टी चुनाव हार गई थी, लेकिन उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा और अपने साथी कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहे।
होने वाली पत्नी के सरनेम को लेकर उठाया सवाल
देवांशु की शादी की चर्चा के बीच तिवारी ने उनकी होने वाली पत्नी के सरनेम को लेकर भी सवाल किया। उन्होंने कहा कि पहले उनके अपने सरनेम को लेकर बंगाली और गैर-बंगाली का मुद्दा उठाया गया था। ऐसे में अब यह देखना होगा कि देवांशु अपनी पत्नी के सरनेम को लेकर भी वैसा ही नजरिया रखते हैं या नहीं।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि देवांशु की होने वाली पत्नी राजनीति में नहीं हैं। इसलिए उन्हें राजनीतिक विवादों में घसीटना उचित नहीं है। तिवारी ने कहा कि किसी ऐसे व्यक्ति को राजनीति के दायरे में लाना, जिसका राजनीति से कोई संबंध नहीं है, सही नहीं है।
पिता के गुजरात में मजदूरी करने का किया जिक्र
अपने बयान में तरुणज्योति तिवारी ने देवांशु के पिता का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि देवांशु के पिता को पश्चिम बंगाल में काम नहीं मिलने के कारण गुजरात में प्रवासी मजदूर के रूप में काम करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने देवांशु को रोजगार तलाशने की सलाह दी।
तिवारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार आने के बाद रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। अलग-अलग सेक्टर में कंपनियां और फैक्ट्रियां आ रही हैं। ऐसे में देवांशु को भी अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी तलाशनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर देवांशु काम करना चाहते हैं तो उनके लिए रोजगार की व्यवस्था करने में मदद की जाएगी।
'अच्छे से संसार बसाओ और खुश रहो'
बयान के आखिर में बीजेपी विधायक ने देवांशु को वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देवांशु अच्छे से अपना परिवार बसाएं, खुश रहें और अपने जीवन पर ध्यान दें। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें थोड़ा इंसान बनना चाहिए।
तरुणज्योति तिवारी का यह बयान देवांशु भट्टाचार्य की शादी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आया है। उनके इस बयान ने बंगाल की राजनीति में एक नया सियासी कटाक्ष जोड़ दिया है।