टीटागढ़/बैरकपुर: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बीच अब नगर पालिकाओं में प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ आवाजें उठने लगी हैं। गुरुवार को टीटागढ़ नगर पालिका के करीब 800 सफाईकर्मियों (320 स्थायी और 480 अस्थायी) ने तीन महीने के बकाया वेतन की मांग को लेकर नगर पालिका कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
चेयरमैन पर दुर्व्यवहार का आरोप:
प्रदर्शनकारी सफाईकर्मियों का आरोप है कि जब वे अपना हक मांगने चेयरमैन कमलेश साव के पास गए, तो उन्होंने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें भगा दिया। इसके बाद तनाव इतना बढ़ गया कि मौके पर टीटागढ़ थाने की पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात करना पड़ा।
विधायक कौस्तव बागची की एंट्री:
हंगामे की खबर मिलते ही बैरकपुर के नवनिর্वाचित भाजपा विधायक कौस्तव बागची मौके पर पहुँचे। उन्होंने चेयरमैन और अन्य अधिकारियों से बात की और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। बागची ने सफाईकर्मियों से वादा किया कि:
शनिवार को भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण के बाद प्राथमिकता के आधार पर बकाया वेतन का भुगतान किया जाएगा।
सफाईकर्मियों के वेतन में चरणबद्ध तरीके से वृद्धि की जाएगी।
नगर पालिका पर कब्जे की राजनीति पर बोले बागची:
विधायक ने एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश देते हुए कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी नगर पालिका पर जबरन कब्जा नहीं किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने बैरकपुर नगर पालिका का भी दौरा किया और वहां के कर्मचारियों को भी सुरक्षा और सहयोग का संदेश दिया।