नंदीग्राम/कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले नंदीग्राम में सियासी पारा सातवें आसमान पर है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग (ECI) में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों ने नंदीग्राम में ग्रामीणों और महिलाओं के साथ मारपीट और उन्हें डराने-धमकाने का काम किया है।
बीजेपी के राजनीतिक लाभ के लिए काम कर रहा है बल'
टीएमसी ने चुनाव आयोग को लिखे पत्र में कड़ा रुख अपनाते हुए दावा किया है कि सीआरपीएफ "बीजेपी के इशारे" पर काम कर रही है। पार्टी का आरोप है कि केंद्रीय बलों का इस्तेमाल निष्पक्ष चुनाव के बजाय राजनीतिक फायदे के लिए किया जा रहा है। टीएमसी ने मांग की है कि इस पर तत्काल रोक लगाई जाए।
कचनगर में भारी बवाल, ग्रामीण घायल
घटना मंगलवार की बताई जा रही है, जब शुभेंदु अधिकारी के गढ़ कहे जाने वाले नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के कचनगर इलाके में हिंसा की खबरें आईं। पीड़ितों का बयान: स्थानीय युवक खोकन संतरा, जो काम के सिलसिले में हावड़ा में रहता है और वोट डालने गांव आया था, उसने मीडिया को बताया— "इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाता, जवानों ने बिना किसी कारण मुझे पीटना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का दावा है कि इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज नंदीग्राम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में चल रहा है। स्थानीय महिलाओं ने भी जवानों के इस व्यवहार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
टीएमसी की मांग: दोषियों पर हो कार्रवाई
सत्तारूढ़ दल ने साक्ष्य के रूप में तस्वीरें भी आयोग को सौंपी हैं। पत्र में कहा गया है कि केंद्रीय बल, जिनकी जिम्मेदारी शांति बनाए रखना है, वे बिना किसी उकसावे के आम जनता पर बल प्रयोग कर रहे हैं। टीएमसी ने आयोग से निम्नलिखित मांगें की हैं:
1. आरोपी सीआरपीएफ जवानों को तत्काल सस्पें किया जाए।
2. सीआरपीएफ को कारण बताओ नोटिस (Show-cause notice) जारी किया जाए।
3. सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सियासी घमासान तेज
केंद्रीय गृह मंत्रालय को निशाने पर लेते हुए टीएमसी ने कहा कि बीजेपी स्पष्ट रूप से बलों का दुरुपयोग कर रही है। वहीं, स्थानीय स्तर पर इसे लेकर भारी तनाव है। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन मतदान से ठीक पहले इस विवाद ने नंदीग्राम के चुनावी समीकरणों को और अधिक गर्मा दिया है।