कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव आयोग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। शनिवार को जारी अधिसूचना में कालीघाट समेत कुल चार थानों के अधिकारियों के तबादले का आदेश दिया गया।
कालीघाट थाने के ओसी बदले गए
आयोग ने कोलकाता पुलिस की स्पेशल ब्रांच के इंस्पेक्टर गौतम दास को कालीघाट थाने का नया ओसी नियुक्त किया है। वहीं, कालीघाट थाने के अतिरिक्त ओसी को भी हटाकर उनकी जगह इंस्पेक्टर उत्तम कुमार पैक को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अलीपुर और उल्टाडांगा थानों में भी फेरबदल
साउथ डिवीजन के इंस्पेक्टर सुब्रत पांडे को अलीपुर थाने का नया ओसी बनाया गया है। वहीं, अलीपुर थाने की अतिरिक्त ओसी चामेली मुखोपाध्याय को उल्टाडांगा महिला थाने की ओसी नियुक्त किया गया है।
भवानीपुर सीट पर खास नजर
कालीघाट थाना भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होना है। इस सीट से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं, जबकि भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है।
सुरक्षा को लेकर आयोग सतर्क
भवानीपुर सीट को हाई-प्रोफाइल सीट माना जा रहा है, इसलिए चुनाव आयोग यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। एक महीने के भीतर दूसरी बार कालीघाट थाने के ओसी का बदला जाना इसी सतर्कता का संकेत माना जा रहा है।
चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर तबादले
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग सामान्य रूप से मतदान से पहले कुछ प्रशासनिक बदलाव करता है, लेकिन इस बार पश्चिम बंगाल में बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। दूसरे चरण के मतदान से पहले यह फैसला राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।