पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने की तैयारियों के बीच राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर आज होने वाली अहम बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं। इसी सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे। एयरपोर्ट पर नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने उनका स्वागत किया।
दक्षिणेश्वर में मां भवतारिणी के किए दर्शन
कोलकाता पहुंचने के बाद अमित शाह सीधे दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मां भवतारिणी की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। मंदिर में दर्शन के बाद शाह न्यूटाउन स्थित होटल रवाना हो गए, जहां दिनभर कई अहम रणनीतिक बैठकों का दौर चलने वाला है।
बंद कमरे में होगी बड़ी रणनीति बैठक
सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह राज्य भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। इन बैठकों में सरकार गठन, मंत्रिमंडल के संभावित चेहरों और संगठनात्मक संतुलन पर चर्चा हो सकती है। पार्टी के अंदर मुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन तेज हो चुका है।
विश्व बंगला कन्वेंशन सेंटर में होगी निर्णायक बैठक
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे न्यूटाउन स्थित विश्व बंगला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में अमित शाह भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि यहीं से मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला सामने आ सकता है।
क्या बंगाल को मिलेंगे उपमुख्यमंत्री?
भाजपा शासित कई राज्यों में एक से ज्यादा उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की परंपरा रही है। ऐसे में अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या पश्चिम बंगाल की नई भाजपा सरकार में भी उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। राजनीतिक गलियारों में इसको लेकर चर्चाएं तेज हैं, हालांकि अंतिम तस्वीर आज की बैठक के बाद ही साफ होगी।
कल हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह
सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा के बाद कल ब्रिगेड मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। कार्यक्रम में भाजपा के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। शपथ समारोह के बाद अमित शाह के दिल्ली लौटने का कार्यक्रम भी तय माना जा रहा है।