कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मतदान संपन्न होने के बाद आए एग्जिट पोल (Exit Poll) के रुझानों को लेकर राज्य की राजनीति में सरगर्मी तेज है। जहाँ कई सर्वेक्षणों में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता और पूर्व राज्यपाल तथागत रॉय (Tathagata Roy) ने अपनी ही पार्टी को बड़ी चेतावनी दी है।
"खुश हों लेकिन उत्साहित नहीं"
तथागत रॉय ने गुरुवार सुबह एक फेसबुक पोस्ट के जरिए बंगाल बीजेपी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को सावधान किया। उन्होंने लिखा, "पश्चिम बंगाल बीजेपी! एग्जिट पोल को लेकर खुश हों, लेकिन बहुत ज्यादा उत्साहित न हों। मतगणना अभी बाकी है और हमें नहीं पता कि विरोधी दल क्या कोशिश करेंगे।"
2021 की हार का दिलाया याद
तथागत रॉय ने पांच साल पहले यानी 2021 के विधानसभा चुनाव के कड़वे अनुभवों को साझा करते हुए पार्टी को आईना दिखाया। बता दें कि 2021 में भी कई एग्जिट पोल ने बीजेपी की जीत की भविष्यवाणी की थी, लेकिन परिणाम आने पर टीएमसी ने 213 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था और बीजेपी 77 सीटों पर सिमट गई थी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछली बार जिम्मेदारी संभालने वाले लोग दोपहर होते ही 'आत्मसमर्पण' कर राज्य छोड़कर भाग गए थे।
काउंटिंग एजेंटों को खास निर्देश
अपने पोस्ट में रॉय ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतगणना केंद्रों पर अंत तक डटे रहें। उन्होंने कहा, "काउंटिंग एजेंटों को निर्देश दें कि जब तक रिटर्निंग ऑफिसर जीत की घोषणा न कर दे, वे अपनी जगह से न हिलें।" गौरतलब है कि तथागत रॉय पहले भी राज्य नेतृत्व की आलोचना करते रहे हैं और उनका यह ताजा बयान पार्टी के भीतर फिर से चर्चा का विषय बन गया है।