कोलकाता - West Bengal में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान रफ्तार पकड़ चुका है। आठ जिलों की 142 सीटों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। चुनावी हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच भी वोटिंग लगातार जारी है।
दोपहर 3 बजे तक रिकॉर्ड मतदान
चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर 3 बजे तक कुल 78.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो इस चरण में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। मतदान की यह रफ्तार लोकतंत्र के प्रति जनता की सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है।
जिलों में कहां कितनी वोटिंग
इस चरण में सबसे ज्यादा मतदान पूर्व बर्धमान में दर्ज किया गया, जहां 83.11 फीसदी वोटिंग हुई। वहीं हुगली जिले में 80.77 फीसदी मतदाताओं ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। अन्य जिलों में भी मतदान की गति मजबूत बनी रही, हालांकि कुछ शहरी इलाकों में रफ्तार थोड़ी धीमी देखी गई।
पहले फेज से तुलना
पहले चरण के मुकाबले दूसरे चरण में भी मतदाताओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। कई बूथों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे साफ है कि लोग बड़ी संख्या में लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा ले रहे हैं।
जिलों में अलग-अलग रफ्तार
दूसरे चरण में जिलों के हिसाब से मतदान की रफ्तार अलग-अलग रही। हुगली और पूर्व बर्धमान जैसे जिलों में मतदान तेज रहा, जहां दोपहर 1 बजे तक क्रमश: 64.57 फीसदी और 66.80 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। वहीं कोलकाता दक्षिण में सबसे कम 57.73 फीसदी मतदान हुआ। हावड़ा, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में भी औसत रफ्तार से मतदान जारी रहा।
लंबी कतारें, उत्साह बरकरार
मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। बारिश और छिटपुट तनाव के बावजूद लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकले। प्रशासन और चुनाव आयोग की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
4 मई को आएंगे नतीजे
राज्य में पहले चरण की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान हुआ था, जबकि दूसरे चरण के बाद अब सभी सीटों की वोटिंग पूरी हो जाएगी। West Bengal Assembly Elections 2026 के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे, जिसमें 1,448 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा।