कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से पहले पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत कर दिया गया है। सोमवार को होने वाली मतगणना से पहले चुनाव आयोग ने सभी काउंटिंग सेंटरों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है। राजधानी कोलकाता सहित सभी जिलों में पुलिस और केंद्रीय बलों की भारी तैनाती की गई है।
काउंटिंग सेंटरों के 200 मीटर दायरे में सख्त प्रतिबंध
निर्देश के मुताबिक, सभी मतगणना केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। केवल चुनाव आयोग द्वारा जारी क्यूआर-कोड वाले पहचान पत्र धारकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने और प्रदर्शन करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
कोलकाता पुलिस छावनी में तब्दील
कोलकाता के कई इलाकों को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। लॉर्ड सिन्हा रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर बैरिकेडिंग कर आम नागरिकों की आवाजाही रोक दी गई है। पुलिस कमिश्नर अजय नंद के आदेश के बाद पूरे शहर में थ्री-लेयर सिक्योरिटी सिस्टम लागू किया गया है। केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं।
पूर्वी मिदनापुर में नो-फ्राइंग जोन घोषित
पूर्वी मिदनापुर जिले के तामलुक, हल्दिया, कांथी और एगरा के मतगणना केंद्रों को विशेष सुरक्षा श्रेणी में रखा गया है। यहां ड्रोन उड़ाने, विजय जुलूस निकालने और पटाखे फोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने इसे “नो-फ्राइंग जोन” घोषित किया है और पूरे जिले में माइकिंग कर लोगों को नियमों की जानकारी दी जा रही है।
700 कंपनी केंद्रीय बल तैनात
चुनाव आयोग ने कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की हिंसा या अशांति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूरे राज्य में 700 कंपनी केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। सभी मतगणना केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है, जबकि संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि मतगणना के दिन के लिए तैयार सुरक्षा प्रोटोकॉल पूरी तरह पर्याप्त है और हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
चुनाव आयोग ने मतगणना के दौरान किसी भी शिकायत के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003450008 जारी किया है। साथ ही wbfreeandfairpolls@gmail.com पर ईमेल के जरिए भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। आयोग ने शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।
जनता से शांति बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने साफ कहा है कि जीत-हार लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी भी प्रकार की हिंसा, उपद्रव या तनाव को सख्ती से रोका जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि वे शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।