पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सामने आए ‘Peoples Pulse’ एग्जिट पोल ने सियासी समीकरण बदलते हुए तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़ी जीत का अनुमान जताया है। सर्वे के मुताबिक, ‘बंगाल की बेटी’ ममता बनर्जी के नेतृत्व में TMC+ गठबंधन 177 से 187 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल करता नजर आ रहा है। यह आंकड़े न सिर्फ सत्ता में वापसी की ओर इशारा करते हैं, बल्कि लंबे समय बाद भी ममता बनर्जी की मजबूत पकड़ को दर्शाते हैं।
एग्जिट पोल के अनुसार भारतीय जनता पार्टी को 95 से 110 सीटें मिलने का अनुमान है। इससे संकेत मिलता है कि बीजेपी राज्य में मजबूत विपक्ष की भूमिका में रह सकती है, लेकिन सरकार बनाने के लिए यह आंकड़ा पर्याप्त नहीं है। वहीं कांग्रेस को 1 से 3 सीटें और वाम दलों को 0 से 1 सीट मिलने की संभावना जताई गई है। अन्य दलों के खाते में कोई खास सीट जाती नहीं दिख रही।
जनमत पोल्स में भी टीएमसी को बढ़त
जनमत पोल्स के आंकड़ों में भी टीएमसी को स्पष्ट बढ़त मिलती नजर आ रही है। इस सर्वे के अनुसार, टीएमसी को 195 से 205 सीटें मिल सकती हैं, जबकि बीजेपी 80 से 90 सीटों के बीच सिमटती दिख रही है। इसके अलावा कांग्रेस को 1 से 3 सीटें और लेफ्ट को 0 से 1 सीट मिलने का अनुमान है।