कोलकाता: पश्चिम बंगाल स्कूल शिक्षा विभाग ने मंगलवार, 13 अक्टूबर को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के संचालन के लिए 12 सदस्यीय नई एड-हॉक कमेटी गठित की। विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, यह कमेटी तत्काल प्रभाव से काम करेगी और बोर्ड के प्रशासनिक संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी।
प्रोफेसर डॉ. लालू दास बने अध्यक्ष
नई कमेटी की अध्यक्षता विधानचंद्र कृषि विश्वविद्यालय के कृषि संकाय के डीन प्रोफेसर डॉ. लालू दास करेंगे। वहीं, उत्तर 24 परगना के हिंगलगंज महाविद्यालय के सहायक प्रोफेसर नीलाद्रि शेखर सिंह को कमेटी का सचिव बनाया गया है।
कमेटी में शिक्षक और शिक्षाविद शामिल
अधिसूचना के अनुसार, कमेटी में अलग-अलग जिलों और स्कूलों से जुड़े शिक्षक और शिक्षा क्षेत्र के अधिकारी शामिल हैं। इनमें बेलीघाटा शांति संघ विद्यालय फॉर गर्ल्स, कोलकाता की प्रधान शिक्षिका सुष्मिता मंडल, दक्षिण 24 परगना के खाड़ी खानरापाड़ा हाई स्कूल के सहायक शिक्षक विधान गायेन और मालदा के चर्सुजापुर हाई स्कूल के सहायक प्रधान शिक्षक उज्ज्वलकृष्ण तालुकदार शामिल हैं।इसके अलावा कोलकाता के हेयर स्कूल के सहायक शिक्षक आशीष कुमार सिंह, बांकाुड़ा के झांटिपहाड़ी पीके गर्ल्स हाई स्कूल की सहायक शिक्षिका नवनीता मंडल, जलपाईगुड़ी के विवेकानंद हाई स्कूल की प्रधान शिक्षिका आलो सरकार और उत्तर दिनाजपुर के देवी नगर केसीआर विद्यापीठ के सहायक शिक्षक बापी प्रामाणिक को भी कमेटी में शामिल किया गया है।
तीन अधिकारी पदेन सदस्य होंगे
कमेटी में स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रभारी ज्वाइंट डायरेक्टर, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के डिप्टी सेक्रेटरी (एडमिन) और फाइनेंस ऑफिसर पदेन सदस्य के तौर पर शामिल होंगे।इस तरह कमेटी में कुल 12 सदस्य होंगे, जिनके जरिए माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के प्रशासनिक कामकाज का संचालन किया जाएगा।
12 अक्टूबर 2027 तक प्रभावी रहेगी कमेटी
स्कूल शिक्षा विभाग की अधिसूचना के मुताबिक, नई एड-हॉक कमेटी तत्काल प्रभाव से लागू होगी और 12 अक्टूबर 2027 तक प्रभावी रहेगी। हालांकि, इससे पहले राज्य सरकार की ओर से कोई नया आदेश जारी किया जाता है, तो वही आदेश प्रभावी माना जाएगा।कमेटी का गठन ऐसे समय हुआ है जब राज्य सरकार ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव किया है। अधिसूचना के बाद अब बोर्ड के कामकाज की जिम्मेदारी नई एड-हॉक कमेटी के पास होगी।