कोलकाता: पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार बन गई है। शनिवार को एक भव्य समारोह में शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल आर.एन. रवि ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।विधानसभा चुनाव में 207 सीटों के साथ ऐतिहासिक बहुमत हासिल करने के बाद, बीजेपी ने सत्ता की बागडोर संभाल ली है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उनके मंत्रिमंडल के पांच अन्य प्रमुख सहयोगियों ने भी शपथ ली।
इन दिग्गजों ने ली मंत्री पद की शपथ:
मुख्यमंत्री के अलावा जिन पांच विधायकों ने आज मंत्री पद की शपथ ली, उनके नाम इस प्रकार हैं:
1. दिलीप घोष: (विधायक, खड़गपुर सदर)
2. अग्निमित्रा पॉल: (विधायक, आसनसोल दक्षिण)
3. अशोक कीर्तनिया: (विधायक, बनगांव उत्तर)
4. खुदीराम टुडू: (विधायक, रानीबांध) – इन्होंने संथाली भाषा में शपथ लेकर सबका ध्यान खींचा।
5. निशीथ प्रमाणिक: (विधायक, माथाभांगा)
विभागों का बंटवारा जल्द
हालांकि आज छह प्रमुख चेहरों ने शपथ ली है, लेकिन फिलहाल किसी को भी विभाग (Portfolio) आवंटित नहीं किया गया है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि गृह, वित्त और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय किसके पास जाएंगे। रानीबांध के विधायक खुदीराम टुडू द्वारा अपनी मातृभाषा संथाली में शपथ लेना आज के समारोह का मुख्य आकर्षण रहा।