कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का मतदान खत्म होते ही राज्य के विभिन्न हिस्सों से चुनावी हिंसा की भयावह तस्वीरें सामने आ रही हैं। कोलकाता के बेहाला और गरिया इलाकों में बीती रात जमकर बवाल हुआ, जिसमें राजनीतिक कार्यकर्ताओं के सिर फटे और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुँचाया गया।
बेहाला: RSS कार्यकर्ताओं पर हमला और पुलिस की कार्रवाई
बेहाला के पर्णश्री इलाके में दो आरएसएस (RSS) कार्यकर्ताओं पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थकों ने अभिजीत ब्रह्म और प्रसेनजीत ब्रह्म के घर पर पथराव किया और उनके साथ मारपीट की। इस संघर्ष में अभिजीत का सिर फट गया है। आरएसएस का आरोप है कि जब घायल कार्यकर्ता थाने पहुँचे, तो पुलिस ने इलाज कराने के बजाय उन्हें ही गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक कुल 5 गिरफ्तारियाँ हुई हैं।
गरिया: बीजेपी एजेंट के ऑफिस में 50-60 लोगों का तांडव
जादवपुर विधानसभा के अंतर्गत गरिया के पंचशायर में भी भारी तनाव रहा। यहाँ 153 नंबर बूथ के बीजेपी एजेंट शांतनु सरकार के ऑफिस और गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। लगभग 50 से 60 लोगों की भीड़ ने ऑफिस के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे भी तोड़ दिए और एजेंट की पत्नी को धमकी दी। पास ही रहने वाले बीजेपी कार्यकर्ता प्रशांत घोष के घर को भी निशाना बनाया गया। हालांकि, स्थानीय टीएमसी पार्षद अनन्या बनर्जी ने इन आरोपों को खारिज किया है।
परनाश्री: ईवीएम लूट के विरोध पर टीएमसी नेता की पिटाई
बेहाला के पर्णश्री में एक अन्य घटना में टीएमसी नेता और पार्षद के पति अंजन दास के साथ मारपीट की खबर है। टीएमसी का आरोप है कि बीजेपी समर्थकों ने ईवीएम (EVM) लूट का विरोध करने पर अंजन दास और चार अन्य कार्यकर्ताओं को पीटा, जिसमें अंजन दास का सिर फट गया। घायल कार्यकर्ता को एसएसकेएम (SSKM) अस्पताल में भर्ती कराया गया है और परनाश्री थाने में शिकायत दर्ज की गई है।इन घटनाओं के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।