दक्षिण 24 परगना के दो विधानसभा क्षेत्रों मोगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर के 15 बूथों पर पुनर्मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग में दोपहर 3 बजे तक कुल 72.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
दोनों क्षेत्रों में लगभग समान वोटिंग प्रतिशत
आंकड़ों के अनुसार मोगराहाट पश्चिम में 72.50 प्रतिशत और डायमंड हार्बर में 72.36 प्रतिशत मतदान हुआ है। पूरे इलाके में पुलिस और केंद्रीय बलों की कड़ी निगरानी बनी हुई है।
77 बूथों पर उठे थे पुनर्मतदान के सवाल
दूसरे चरण के मतदान के बाद कुल 77 बूथों पर पुनर्मतदान की मांग सामने आई थी। इनमें से अधिकतर शिकायतें दक्षिण 24 परगना के चार विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी थीं।
EVM से लेकर स्पाई कैमरा तक गंभीर आरोप
शिकायतों में EVM पर टेप लगाने, कैमरे ढकने और मशीनों में छेड़छाड़ जैसे आरोप शामिल रहे। वहीं कुछ मामलों में स्पाई कैमरा के जरिए वोटिंग पर नजर रखने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए।
आयोग की जांच के बाद लिया गया बड़ा फैसला
चुनाव आयोग ने सभी शिकायतों की जांच के बाद विशेष पर्यवेक्षक की रिपोर्ट पर मोगराहाट के 11 और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर पुनर्मतदान का निर्णय लिया। हालांकि कुछ क्षेत्रों की मांगों को खारिज भी किया गया।
राजनीतिक हलकों में बढ़ी सरगर्मी
पुनर्मतदान को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विपक्ष और तृणमूल कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।