पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के कुल 15 बूथों पर शनिवार को पुनर्मतदान संपन्न हो गया। शाम 5 बजे तक मगराहाट पश्चिम के 11 बूथों पर 86.11% और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर 87.60% मतदान दर्ज किया गया। इस तरह कुल औसत मतदान लगभग 86.86% रहा।
साउथ 24 परगना में BJP-TMC कार्यकर्ताओं में झड़प
साउथ 24 परगना जिले में इस दौरान TMC और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर सामने आई। मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों ने स्थिति को नियंत्रित किया। फालता इलाके में कुछ मतदाताओं ने TMC कार्यकर्ताओं पर हमले के आरोप लगाए।मतदाताओं का कहना है कि मतदान के बाद TMC कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की। विरोध करने पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का भी आरोप लगाया गया, जिसमें कई लोगों को पैर, सिर और हाथ में चोटें आईं।वहीं, TMC ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि मगराहाट के बूथ नंबर 127 पर सुरक्षाबलों ने उनके कैंप में तोड़फोड़ की और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।
ममता का दावा- 200+ सीटें जीतेंगे
इसी बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए काउंटिंग एजेंट्स को संबोधित करते हुए दावा किया कि TMC 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी।