कोलकाता/पश्चिम बंगाल : राज्य में भीषण गर्मी के बीच मौसम अचानक करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग के ताज़ा अपडेट के मुताबिक,अगले कुछ दिनों में दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में तेज़ हवाओं, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां तेज़ होंगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन सतर्क रहना भी ज़रूरी होगा।
इन 7 जिलों में हाई अलर्ट
मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के 7 जिलों—कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर—में तेज़ आंधी और बारिश को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।
कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल गर्मी और उमस बनी रहेगी, लेकिन धीरे-धीरे बादल छाने लगेंगे और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं, इसलिए खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। किसानों और मछुआरों को भी खास सतर्कता बरतने को कहा गया है, ताकि किसी भी तरह के नुकसान से बचा जा सके।