नई दिल्ली: घरेलू वायदा बाजार में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। हालांकि, दोनों कीमती धातुएं फिलहाल एक सीमित दायरे में कारोबार कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी के भाव में मजबूती बनी हुई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 अक्टूबर 2026 का सोना कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग ₹1,59,663 प्रति 10 ग्राम के मुकाबले ₹836 की तेजी के साथ ₹1,60,499 प्रति 10 ग्राम पर खुला। सुबह 9:45 बजे सोना ₹468 यानी 0.29% की बढ़त के साथ ₹1,60,131 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में सोने ने ₹1,59,954 का निचला और ₹1,60,898 प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ।
चांदी भी हुई महंगी
चांदी में भी खरीदारी का रुझान देखने को मिला। 4 सितंबर 2026 का चांदी कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग ₹2,39,638 प्रति किलो के मुकाबले ₹3,361 की तेजी के साथ ₹2,42,999 प्रति किलो पर खुला। हालांकि, शुरुआती कारोबार में मुनाफावसूली देखने को मिली। सुबह 9:45 बजे तक चांदी ₹923 यानी 0.39% की तेजी के साथ ₹2,40,561 प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। कारोबार के दौरान चांदी ने ₹2,40,429 का निचला और ₹2,42,999 प्रति किलो का ऊपरी स्तर छुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी मजबूत
वैश्विक बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं में तेजी बनी हुई है। सोना 0.52% की बढ़त के साथ 4,678 डॉलर प्रति औंस, जबकि चांदी 1.41% चढ़कर 68.98 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
महंगाई और फेड के फैसले पर बाजार की नजर
अमेरिका में महंगाई अभी भी फेडरल रिजर्व के 2% के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है। इससे ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। दूसरी ओर बॉन्ड यील्ड में कमजोरी सोने को कुछ समर्थन दे रही है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, महंगाई, अमेरिकी ब्याज दरों और बॉन्ड यील्ड की दिशा आगे सोने की कीमतों के लिए अहम रहेगी। इन संकेतकों के चलते फिलहाल सोने के सीमित दायरे में रहने की संभावना बनी हुई है।
एक महीने में सोने-चांदी ने दिया शानदार रिटर्न
पिछले एक महीने में दोनों कीमती धातुओं का प्रदर्शन मजबूत रहा है। इस अवधि में डॉलर के लिहाज से सोने ने करीब 15% और चांदी ने लगभग 17.5% रिटर्न दिया है। वहीं, पिछले एक साल में सोने ने 36% से ज्यादा, जबकि चांदी ने 76% से अधिक रिटर्न दिया है। इससे दोनों धातुओं में निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बनी हुई है।