नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के पीएम बन चुके है। देश की 18वीं लोकसभा का गठन हो गया है। मोदी कैबिनेट में मंत्रियों को मंत्रालय भी सौंप दिए गए हैं, जिसमें मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कृषि मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है। वहीं आज यानी की मंगलवार 11 जून से सभी नवनिर्वाचित मंत्री अपना अपना कार्यभार संभालेंगे।
किसान का कल्याण हमारी प्राथमिकता
शिवराज सिंह चौहान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि, भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। सशक्त तथा संपन्न किसान समृद्ध भारत का आधार हैं। सरकार की प्राथमिकता किसान का कल्याण तथा गांवों का उत्थान है। उन्होंने आगे अपने इस लेख में कहा कि, प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हम विकसित भारत के विराट संकल्पों को सिद्ध करेंगे तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे।
किसानों का हर सपना पूरा हो गया
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने अपने इस लेख में आगे लिखा है कि, हमारी सरकार देशभर के किसान भाई-बहनों के कल्याण से जुड़े प्रत्येक संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। मैं अपने पूरे सामर्थ्य से किसानों के हर सपने को पूरा करने के लिए परिश्रम करूंगा। इसके साथ ही चौहान ने आगे कहा कि, देश का प्रत्येक किसान परिवार खुशहाल हो और प्रत्येक गांव तक विकास की पहुंच सुनिश्चित हो, यही मेरा प्रयत्न रहेगा।