मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि "जल ही जीवन है" मिशन को अपनी प्रतिदिन की दिनचर्या में अपनाना जरूरी है। जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रदेश में वृहद स्तर पर जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। सभी 55 जिलों में जिला, तहसील, पंचायत, ग्राम स्तर तक कोई भी इस अभियान के प्रभाव से अछूता नहीं हैं। यह जल के प्रति हमारी निष्ठा और जागरूकता को दिखाता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रमदान भी किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन के पुलिस लाइन में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत तालाब गहरीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस लाइन स्थित तालाब के गहरीकरण के लिए श्रमदान किया, उन्होंने पाम का पौधा रोप कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस लाइन में आयोजित जल संरक्षण के अद्भुत आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन को बधाई देते हुए अभियान को निरंतर जारी रखने का आव्हान किया। उन्होंने सभी को गंगा दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
15 फिट तक गहरा होगा तालाब
पुलिस महानिरीक्षक सिंह ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस से आरंभ हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पुलिस लाइन के तालाब के गहरीकरण का कार्य 5 जून से ही पुलिस वॉलिंटियर्स द्वारा किया जा रहा है, तालाब का 15 फीट तक गहरीकरण किया जाएगा। साथ ही तालाब के आसपास वर्षाकाल में 1500 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। पुलिस लाइन में आकर्षक तरीके से सजाए गए तालाब परिसर में जल गंगा संवर्धन अभियान का कार्यक्रम उत्सवीय वातावऱण संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन पर सर्वप्रथम पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, पुलिस बैंड द्वारा बजाई जा रही आकर्षक धुनों के बीच पुष्पवर्षा से डॉ. यादव का स्वागत किया गया।
Comments (0)