8 मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व है। इस खास पर्व को पूरा देश बड़ी ही धूम धाम से मनाता है, क्योंकि यह पर्व भगवान शिव और मां पार्वती के विवाह उत्सव के रुप में मनाया जाता है। इस उत्सव में जगह-जगह भंडारे के साथ- साथ शोभा यात्रा भी आयोजित की जाती है। जिसमें लोग शिव बारात की सुंदर झाकियां निकालते हैं। वहीं रीवा में महाशिवरात्रि बड़ी खास होने वाली है, क्योंकि इस दिन विश्व का सबसे बड़ा नगाड़ा अयोध्या के लिऐ रवाना होने वाला है।
बड़ी संख्या में पचमठा नाथ आश्रम पहुंचते भक्त
दरअसल रीवा की अगर बात की जाए तो यहां पर शिव बारात आयोजन समिति द्वारा पिछले 40 सालों से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। लाखों भक्त भोलेनाथ का प्रसाद लेने बड़ी संख्या में पचमठा नाथ आश्रम पहुंचते हैं। जबकि 16 वर्षों से इसी पचमठा नाथ आश्रम से भव्य झांकी के साथ शिव बारात भी निकाली जा रही है। झांकी के आगे हाथी, ऊंट और घोड़ों के अलावा भोलेनाथ के भक्त भूत पिशाच की वेश भूषा धारण कर नाचते थिरकते हुए शिव बारात में शामिल होते है।
भव्य भंडारे का आयोजन होगा
इस बार रीवा में महाशिवरात्रि का पर्व बेहद खास होने वाला है, क्योंकि इस दिन यहां पचमठा नाथ आश्रम में भव्य भंडारे का आयोजन होगा। जिसमें लाखों भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे। शिव बारात आयोजन समिति द्वारा पचमठा नाथ आश्रम से सुंदर झांकी निकाली जाएगी। इसमें धर्म ध्वजा, शहनाई, नगड़िया, घोड़ा, बग्घी बाबा महाकाल की पालकी बाहुबली हनुमान की झांकी चलित आर्केस्ट्रा सहित अन्य झाकियों के अलावा विश्व का सबसे बड़ा नगाड़ा भी झांकी में शामिल होगा। जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर वापिस पचमठा नाथ आश्रम पहुंचेगी।
नगाड़े का वजन लगभग 1 टन
वहीं 12 मार्च को 101 चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ विश्व का सबसे बड़ा नगाड़ा अयोध्या के लिए रवाना होगा और 108 स्थानों में पर श्रद्धालु इसका स्वागत करेंगे। मनगवां चाकघाट होते हुए यह यात्रा इलाहाबाद पहुंचेगी। 13 मार्च को अयोध्या धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना के बाद विशालकाय विश्व के सबसे बड़े नगाड़े को भगवान राम के चरणों में समर्पित किया जाएगा। इस नगाड़े का वजन लगभग 1 टन है। इसकी ऊंचाई 6 फीट है। जबकि इसकी चौड़ाई 11×11 फीट है। इसके साथ ही अयोध्या में विराजे भगवान राम को समर्पित होने जा रहा सबसे बड़ा नगाड़ा बड़ा रिकार्ड दर्ज करेगा। जिसके लिऐ गिनीज बुक, एशिया बुक और लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड की टीम रीवा आएगी।
Comments (0)