रविवार को पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली की तीन लोकसभा सीटों पर चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उत्तर-पूर्व दिल्ली लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी, उत्तर-पश्चिम दिल्ली से उम्मीदवार योगेंद्र चंदोलिया और पश्चिमी दिल्ली लोकसभा से प्रत्याशी कमलजीत शेरावत के समर्थन में पूर्व सीएम शिवराज ने विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी केवल मां-बहन और बेटियों को अपमानित करने का काम करती है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली वालों को अच्छी सड़कें नहीं दी, पीने का पानी नहीं दिया, यमुना का शुध्दिकरण नहीं किया, केवल शराब की नदियां बहाई, शराब घोटाला किया, एक पर एक बोतल फ्री दी, दिल्ली को डुबाने का महापाप अरविंद केजरीवाल ने किया है।
आप अहंकारी आदमी पार्टी बन गई है
शिवराज सिंह ने कहा, आप अहंकारी आदमी पार्टी बन गई है। केजरीवाल अहंकार से भरे व्यक्ति हैं। केजरीवाल को ये जवाब तो देना चाहिए कि अगर कोई महिला जो उन्हीं की पार्टी की राज्यसभा सदस्य हैं, आप अहंकार में उनसे ही बात करने से इनकार कर देते हैं। आपके लोग एक बेटी के साथ, एक बहन के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। ये आश्चर्यचकित कर देने वाली घटना है। दुर्व्यवहार भी केवल शब्दों में नहीं, बल्कि पिटाई जैसी चीजें भी होती है। आप अपनी राज्यसभा सदस्य को न्याय देने के बजाय, दुर्व्यवहार करने वाले को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। महिला का अपमान भारतीय संस्कृति और संस्कारों में नहीं है। अरविंद केजरीवाल याद रखना यह वो भारत है, यहां एक द्रोपदी का अपमान हुआ था तो महाभारत हो गई थी और दुर्व्यवहार करने वालों का वंश सहित विनाश हो गया था। न आप बचेंगे और न ही आपकी पार्टी बचेगी। केजरीवाल ईमानदारी का चोला पहन के राजनीति में आए और सबसे बड़े बेईमान हो गए। आप में धूर्तता की पराकाष्ठा है। इसलिए आपका भला नहीं होने वाला, यह अहंकार और बेईमानी आपको ले डूबेगी।
ईमानदारी की सौगंध खाने वाला सबसे बड़ा भ्रष्टाचारी निकला
पूर्व सीएम शिवराज ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि केजरीवाल अब नौटंकीवाल बन गए हैं। उन्होंने कहा, आम आदमी पार्टी की नौटंकी देखिए कि झगड़ा उनके घर, परिवार का और प्रदर्शन करने हमारे यहां आ रहे हैं। हमने दुर्गा सप्तशती में पढ़ा है कि रक्त बीज था। युद्ध में जहां-जहां उसका खून गिरता था, उस खून की एक बूंद से और एक रक्त बीज राक्षस पैदा हो जाया करता था। वह रक्त बीज थे, लेकिन अरविंद केजरीवाल तो भ्रष्ट बीज हैं। जहां-जहां उनकी पार्टी जीतती है, वहां-वहां भ्रष्टाचार का तंत्र ही खड़ा हो जाता है। इन्होंने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए। ईमानदारी की सौगंध खाने वाला सबसे बड़ा भ्रष्टाचारी निकला। ये इंडी गठबंधन कभी भी देश और जनता का भला नहीं कर सकता है। शिवराज सिंह ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत तेरे टुकड़े-टुकड़े होंगे। इंशा-अल्लाह, इंशा-अल्लाह के नारे लगाने वाले और आतंकवादियों का महिमामंडन करने वालों को जनता कभी भी स्वीकार नहीं करेगी।
Comments (0)