मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विज्ञान के आधार पर व्यवस्थित कार्यप्रणाली, जिज्ञासु प्रवृत्ति को प्रोत्साहन और नवीनतम तकनीकों के उपयोग ने देश को विश्व के शीर्ष राष्ट्रों में गिने जाने का मार्ग प्रशस्त किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन से ही यह उपलब्धि संभव हो पाई है। राज्य सरकार शिक्षा सहित शासकीय कार्य प्रणाली और सामान्य व्यवस्थाओं के संचालन में विज्ञान का अधिक से अधिक उपयोग कर आम आदमी के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
प्रदेशवासियों के जीवन को सुगम और सरल बनाया जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में साइंस सिटी विकसित की जाएगी। इस संबंध में राज्य सरकार विचार कर रही है। विज्ञान का अधिक से अधिक उपयोग कर प्रदेशवासियों के जीवन को सुगम और सरल बनाने के लिए राज्य शासन द्वारा विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। नवीन तकनीक का उपयोग करते हुए किसानों से जुड़ी व्यवस्थाओं का सरलीकरण किया जा रहा है। इसमें ड्रोन सर्वे, फसल सर्वे के कार्य शामिल है।
एमपी विज्ञान के क्षेत्र में संपन्न बने
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों सहित जनसामान्य की रूचि और जिज्ञासा को प्रोत्साहित करने के लिए विज्ञान गतिविधियों का विस्तार संभाग स्तर तक किया जाएगा। आने वाले समय में मध्यप्रदेश विज्ञान के क्षेत्र में सम्पन्न और समृद्ध बनें इस उद्देश्य से राज्य सरकार नवाचारों तथा अन्य गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करती रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह विचार विज्ञान भवन में मीडिया से चर्चा में व्यक्त किए।
Comments (0)