दुर्ग: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार किसानों से धान खरीदने की तैयारी नहीं कर रही है और किसानों का रकबा काटा जा रहा है। बघेल ने कहा कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होती तो इस साल किसानों को 3385 रुपए प्रति क्विंटल धान का दाम मिलता। वहीं, महादेव सट्टा एप मामले में प्रोटेक्शन मनी लेने के आरोपों को उन्होंने बेबुनियाद बताते हुए खारिज किया।
गौरा-गौरी पूजा में शामिल हुए भूपेश बघेल
दीपावली के अगले दिन सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कुम्हारी के जंजगिरी गांव पहुंचे। यहां वे आदिवासी ध्रुव गोंड समाज की गौरा-गौरी पूजा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। धार्मिक परंपरा के अनुसार उन्होंने अपने हाथ पर सोटा भी लगवाया।
धान खरीदी से पहले किसानों का रकबा काटने का आरोप
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार धान खरीदी की तैयारी करने के बजाय किसानों के खेतों का रकबा कम कर रही है। प्रदेश की कई सहकारी समितियों में किसानों के पंजीकृत रकबे में कटौती की जा रही है।उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि किसी किसान के पास 10 एकड़ जमीन है तो उसमें से एक या दो एकड़ का रकबा काट दिया गया है। इससे किसान अपनी पूरी जमीन पर पैदा हुआ धान समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पाएंगे।बघेल ने बताया कि एक दिन पहले वे अपने गांव गए थे, जहां कोटवार ने किसानों की सूची दिखाकर रकबा काटे जाने की जानकारी दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उनके गांव में ऐसी स्थिति है तो प्रदेश के दूसरे गांवों में भी ऐसा हो सकता है।
कांग्रेस सरकार होती तो 3385 रुपए मिलता धान का दाम
पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार की राजीव गांधी किसान न्याय योजना का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार किसानों को प्रति एकड़ 9 हजार रुपए देती थी। समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी के साथ किसानों को मिलने वाली राशि भी बढ़ाई जाती थी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2500 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी शुरू की थी, जो वर्ष 2023 तक बढ़कर 2850 रुपए प्रति क्विंटल हो गई थी।बघेल के मुताबिक, पिछले तीन साल में समर्थन मूल्य में हुई 285 रुपए की बढ़ोतरी को जोड़ने पर इस साल धान का भाव 3385 रुपए प्रति क्विंटल होता, अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होती।
पटवारी हड़ताल पर, 75 फीसदी चावल जमा होना बाकी
भूपेश बघेल ने धान खरीदी की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पटवारी हड़ताल पर हैं और सोसायटियों में भी खरीदी की पर्याप्त तैयारी नजर नहीं आ रही है।उन्होंने बताया कि पिछले साल खरीदे गए धान से तैयार चावल में से अब तक भारतीय खाद्य निगम (FCI) में केवल 25 प्रतिशत चावल ही जमा हुआ है, जबकि 75 प्रतिशत चावल जमा होना बाकी है।
महादेव सट्टा एप में प्रोटेक्शन मनी के आरोपों को बताया बेबुनियाद
महादेव सट्टा एप मामले में प्रोटेक्शन मनी लेने के आरोपों पर भूपेश बघेल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।बघेल ने कहा कि महादेव सट्टा एप के खिलाफ FIR उनकी सरकार ने दर्ज कराई थी और कार्रवाई भी की थी। इसके बावजूद उनकी सरकार पर प्रोटेक्शन मनी लेने के आरोप लगाए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि भाजपा सरकार के तीन साल बीतने के बाद भी प्रदेश में सट्टे का कारोबार क्यों जारी है और लगातार नए-नए ऐप कैसे सामने आ रहे हैं।
बोले- सट्टे का कारोबार बंद नहीं हुआ तो मौजूदा सरकार से पूछें सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि अगर प्रोटेक्शन मनी लेने की बात है तो यह सवाल मौजूदा सरकार से पूछा जाना चाहिए, क्योंकि उसके कार्यकाल में भी सट्टे का कारोबार बंद नहीं हुआ है।