पूर्व डॉ. प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार (26 दिसंबर) को दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उन्होंने 92 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दुख जताया है। पटवारी ने X पर लिखा कि ”पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन से देश ने एक सच्चा देशभक्त, महान अर्थशास्त्री और सादगी का प्रतीक खो दिया। 1991 के आर्थिक संकट में उनका दूरदर्शी नेतृत्व भारत के लिए वरदान साबित हुआ , उनके सुधारों ने करोड़ों भारतीयों के जीवन को बेहतर बनाया।”
हर भारतीय सदैव ऋणी रहेगा
प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने सूचना क्रांति, मनरेगा, किसानों की कर्जमाफी और शिक्षा के अधिकार जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए, जिनका लाभ भारत आज भी उठा रहा है। उनकी ईमानदारी, विनम्रता और राष्ट्रसेवा का हर भारतीय सदैव ऋणी रहेगा। यह युगांतकारी क्षति है। विनम्र श्रद्धांजलि।
पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति
पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं उन सौभाग्यशाली व्यक्तियों में शामिल था जिन्हें उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य करने का मौक़ा मिला। डॉक्टर मनमोहन सिंह दुनिया के सम्मानित अर्थशास्त्री और भारत के जन कल्याण पर ध्यान देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हैं। किसानों की कर्ज़ माफ़ी, बच्चों को शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार, आदिवासियों के लिए वन अधिकार क़ानून जैसी बहुत सी उपलब्धियां उनके खाते में दर्ज हैं। उनके निधन से पूरे देश को अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि
दिग्विजय सिंह ने X पर लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। इस देश और लोकतंत्र के सच्चे सपूत के रूप में मनमोहन सिंह ने न सिर्फ़ प्रधानमंत्री का कार्यकाल बखूबी निभाया बल्कि ९० के दशक में गिरती हुई अर्थव्यवस्था को अपनी सूझबूझ से पटरी पर ला दिया। उनके दिए आर्थिक उदारीकरण के फॉर्मूला ने देश के युवाओं को सपनों की उड़ान दी और देश एक नयी पहचान के साथ दुनिया के साथ कदमताल करके चलने लगा। मनमोहन सिंह जिस भी पद पर रहे उस पद की गरिमा को चार चाँद लग गए। एक सच्चे स्टेट्समैन के रूप में उन्हें सदैव याद किया जाएगा।
Comments (0)