रायपुर/दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे। उनका हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।
हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में चल रहा था इलाज
जानकारी के मुताबिक, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें फेफड़ों में संक्रमण और बीमारी से जुड़ी परेशानी थी। बेहतर उपचार के लिए उन्हें हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब 22 दिनों से उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
शिक्षक से शुरू हुआ था सार्वजनिक जीवन का सफर
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का सार्वजनिक जीवन शिक्षा के क्षेत्र से शुरू हुआ था। उन्होंने शिक्षक और व्याख्याता के रूप में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 1998 में व्याख्याता पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा।राजनीति में आने से पहले वे दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद ताराचंद साहू के निजी सहायक के रूप में भी कार्य कर चुके थे। इस दौरान उन्हें क्षेत्र की समस्याओं और जनसरोकारों को करीब से समझने का अवसर मिला।
2008 में पहली बार बने थे विधायक
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा वर्ष 2008 में पहली बार भाजपा के टिकट पर अहिवारा विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 25,263 वोटों के अंतर से हराकर दूसरी बार विधानसभा में जगह बनाई थी।
2023 के चुनाव में मिले थे 96,717 वोट
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को कुल 96,717 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 71,454 मत प्राप्त हुए थे। इस तरह उन्होंने 25,263 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।उनकी इस जीत के साथ अहिवारा विधानसभा सीट पर भाजपा ने दोबारा कब्जा जमाया था।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत नेताओं ने जताया शोक
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया।