रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सक्रिय मौसम प्रणालियों का दिख रहा असर
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश से दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही सक्रिय मानसून ट्रफ और ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सिस्टम) के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। इन मौसम प्रणालियों के कारण अगले 48 घंटे तक कई जिलों में वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है।
रायपुर में बादल, बारिश और 31 डिग्री तापमान का अनुमान
राजधानी रायपुर में 9 जुलाई को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
सामान्य से 17 प्रतिशत अधिक हुई बारिश
प्रदेश में मानसून की स्थिति फिलहाल अच्छी बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से 17 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो मानसून के बेहतर प्रदर्शन का संकेत है।
रायपुर रहा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
बीते 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
पेंड्रा रोड में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 26.8 मिलीमीटर बारिश पेंड्रा रोड में दर्ज की गई। वहीं बिलासपुर में 2.0 मिमी, जगदलपुर में 1.3 मिमी और अंबिकापुर में 0.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। जबकि दुर्ग, माना एयरपोर्ट और रायपुर में बारिश दर्ज नहीं की गई।
किसानों के लिए राहत, मानसून रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मानसून सक्रिय बना रहेगा। खरीफ फसलों की बुआई के इस समय में बारिश किसानों के लिए लाभदायक साबित होगी। विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।