स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से अतिशेष शिक्षकों की काउंसलिंग कर खाली पदों वाले स्कूलों में पदस्थापना की प्रक्रिया चल रही है। इनमें 15 हजार अतिशेष शिक्षकों की काउंसलिंग की गई। इसमें से 10 हजार शिक्षक चयनित स्कूलों में कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं, लेकिन पांच हजार बाकी रह गए थे।
15 हजार अतिशेष शिक्षकों की काउंसलिंग की गई
समायोजन की प्रक्रिया से वंचित इन शिक्षकों के आवेदनों को स्कूल शिक्षा विभाग फिर से निराकरण करेगा। इस संबंध में अतिशेष शिक्षकों से दावा-आपत्ति मांगी गई थी। इसमें से करीब 500 अतिशेष शिक्षकों के आवेदनों का निराकरण नहीं हो पाया था।
इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने छूटे हुए अतिशेष शिक्षकों को आवेदन करने का एक और मौका दिया है। इसके तहत वे 12 नवंबर तक अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।विभाग ने इस संबंध में सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
डीईओ 19 नवंबर तक करेंगे परीक्षण
इसमें स्पष्ट किया गया है कि अतिशेष शिक्षकों के स्थानांतरण के संबंध में प्राप्त आवेदनों का निराकरण होने के बाद विमर्श पोर्टल पर संबंधित शिक्षकों के आवेदन के निराकरण की स्थिति दर्ज की गई है। इसके बाद भी अनेक अतिशेष शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 11 अक्टूबर के बाद जारी किए गए। ऐसी स्थिति में उक्त शिक्षकों को अपने आवेदन प्रस्तुत करने का अवसर नहीं मिल सका।
इस कारण उन शिक्षकों को उनके स्थानांतरण के संबंध में आवेदन प्रस्तुत करने का एक और मौका दिया गया है। इनके प्रकरणों का जिला शिक्षा अधिकारी(डीईओ) निराकरण 19 नवंबर तक किया जाएगा और इसे विमर्श पोर्टल पर अपलोड करना होगा।