मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। कूनो में मादा चीता आशा ने 5 स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है, जिसके बाद भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 35 हो गई है। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, चीता आशा और उसके सभी शावक पूरी तरह सुरक्षित हैं। जन्म के बाद से ही विशेषज्ञों की टीम उनकी 24×7 निगरानी कर रही है। ड्रोन और कैमरा ट्रैप की मदद से मां और शावकों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
वन विभाग की कड़ी निगरानी
अधिकारियों ने बताया कि शावकों के जन्म के बाद कूनो पार्क के संबंधित क्षेत्र में मानवीय दखल पूरी तरह सीमित कर दिया गया है। किसी भी तरह का जोखिम न हो, इसके लिए मेडिकल और ट्रैकिंग टीम अलर्ट मोड पर है।
चीता परियोजना को मिली मजबूती
विशेषज्ञों का कहना है कि चीता आशा द्वारा 5 शावकों का जन्म चीता पुनर्स्थापना परियोजना के लिए बड़ी सफलता है। इससे यह साफ है कि भारत का प्राकृतिक वातावरण अब चीतों के अनुकूल बन रहा है।
संरक्षण प्रयासों का सकारात्मक परिणाम
कूनो नेशनल पार्क में चीतों के संरक्षण के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। शावकों का जन्म इन प्रयासों की सफलता का संकेत माना जा रहा है।वन विभाग ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में चीतों की संख्या और बढ़ेगी, जिससे भारत में विलुप्त हो चुके इस प्रजाति का भविष्य सुरक्षित हो सकेगा।
Comments (0)