मध्यप्रदेश में आज से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन शुरू हो गया है। इस बार किसानों को गेहूं के लिए 2585 रुपये प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य मिलेगा। 2026-27 उपार्जन वर्ष के लिए किसान 7 मार्च तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। राज्य सरकार ने गेहूं खरीदी के पंजीयन के लिए प्रदेश में कुल 3186 केंद्र बनाए हैं। पंजीयन की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। किसान ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालयों, तहसील कार्यालयों में बने सुविधा केंद्रों के साथ-साथ सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं के माध्यम से भी पंजीयन करा सकते हैं।
गेहूं खरीदी पर सियासत तेज
गेहूं खरीदी को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने कहा कि पंजीयन शुरू होना अच्छी बात है, लेकिन किसानों को समय पर भुगतान मिलना जरूरी है। उनका कहना है कि लागत के मुकाबले समर्थन मूल्य कम है और सरकार को किसानों से किए गए वादे पूरे करने चाहिए।
बीजेपी का जवाब: किसान हितैषी है सरकार
वहीं बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसान हितैषी है और खुशहाल अन्नदाता सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने दावा किया कि इस बार भी गेहूं खरीदी का लक्ष्य पूरा किया जाएगा और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
Comments (0)